
स्थान : किच्छा (ऊधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट

नगर पालिका चुनाव के मतदान के बाद मंगलवार शाम नवीन मंडी में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्ट्रांग रूम के सामने पर्दा लगाए जाने का कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने विरोध किया। इसके बाद भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी, धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई।

विवाद उस समय शुरू हुआ जब मतदान के बाद मतपेटियों को नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम में जमा किया जा रहा था। विधायक बेहड़ ने स्ट्रांग रूम के सामने पर्दे लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता की मांग की। उनका कहना था कि स्ट्रांग रूम की निगरानी के लिए ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए जिससे प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को किसी तरह की आशंका न रहे।


इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई और कुछ ही देर में समर्थक आमने-सामने आ गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया।


विधायक तिलक राज बेहड़ ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के साथ आए एक युवक ने उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए थप्पड़ मारा। घटना के बाद कांग्रेस समर्थकों में आक्रोश फैल गया और कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर जमा हो गए। दूसरी ओर शुक्ला पक्ष की ओर से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विवाद बढ़ाने और मारपीट करने के आरोप लगाए गए।



हंगामे के बाद विधायक बेहड़ मंडी गेट के पास समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। इसके कुछ देर बाद पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी समर्थकों के साथ धरना शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के समर्थकों की मौजूदगी के कारण तनाव बढ़ने पर पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी।
इस दौरान विधायक बेहड़ की तबीयत भी बिगड़ गई और उनके अचेत होने की बात सामने आई। समर्थकों ने उन्हें पानी पिलाया और संभाला। इसके बाद पुलिस उन्हें मौके से अपने साथ ले गई। पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को भी वहां से हटाया तथा दोनों पक्षों को अलग-अलग स्थानों पर रखा।



तनाव बढ़ने पर कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। मौके पर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे तथा स्ट्रांग रूम और मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

देर रात मतपेटियों को प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम में रखकर सील कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी राजनीतिक दलों के लोगों से मंडी परिसर खाली करने को कहा। कांग्रेस प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह के बाहर जाने से इनकार करने पर पुलिस ने उन्हें भी परिसर से बाहर किया और मंडी का मुख्य गेट बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी।
घटनाक्रम के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला को पुलिस ने हिरासत में लिया था, हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। घटना के बाद दोनों राजनीतिक पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। वहीं पुलिस ने स्ट्रांग रूम के आसपास सुरक्षा बढ़ाते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

