
स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड के खेल सचिव अमित सिन्हा ने मंगलवार शाम चंपावत जिले के लोहाघाट स्थित छमनिया चौड़ में निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्धारित समय के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

खेल सचिव ने कहा कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने इसे उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि देश का पहला समर्पित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।



अमित सिन्हा ने कहा कि लोहाघाट में बन रहे महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाओं के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षकों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहां खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में इस महिला स्पोर्ट्स कॉलेज से प्रशिक्षण लेने वाली खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि यहां से तैयार होने वाली खिलाड़ी आने वाले समय में ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजनों में देश के लिए पदक जीतेंगी।


निरीक्षण के दौरान खेल सचिव ने कॉलेज में प्रवेश ले चुकी बालिका खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और प्रशिक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने खिलाड़ियों को पूरी लगन और अनुशासन के साथ खेल की बारीकियां सीखने तथा अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

खेल सचिव ने स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा से बालिका खिलाड़ियों की खेल ट्रेनिंग, शिक्षा, खान-पान और अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के साथ पौष्टिक भोजन और उपयुक्त शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे खेल और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।



अमित सिन्हा ने निर्माणाधीन परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए कहा कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण निर्धारित समय पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही है और समय-समय पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं।
खेल सचिव ने कहा कि जिलाधिकारी चंपावत भी निर्माण स्थल का समय-समय पर निरीक्षण कर निर्माण से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका भी प्रयास है कि निर्माण कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरा हो तथा जल्द ही पूरा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर धरातल पर नजर आए।

उन्होंने कहा कि यह कॉलेज प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। वर्तमान में लोहाघाट के स्पोर्ट्स स्टेडियम में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जहां 30 बालिका खिलाड़ी बैडमिंटन, बॉक्सिंग और एथलेटिक्स का प्रशिक्षण ले रही हैं। खेल सचिव ने कहा कि स्थायी परिसर तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को और बेहतर खेल एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

