
स्थान : लालकुआं
ब्यूरो रिपोर्ट

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और जनसमस्याओं की प्रगति को लेकर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने प्रशासन, विद्युत, सिंचाई और जमरानी परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न क्षेत्रों में लंबित कार्यों की स्थिति पर चर्चा करते हुए विधायक ने अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बरसात के कारण प्रभावित और रुके हुए विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। विधायक ने जमरानी नहर क्षेत्र, बंगाली कॉलोनी, मोटाहल्दू, गोरापड़ाव और हल्दूचौड़ क्षेत्र में अधूरे पड़े कार्यों को दोबारा शुरू कर उनमें तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।



विधायक ने नहर कवरिंग और सड़क से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। मानसून समाप्त होने के बाद जमरानी नहर और उससे जुड़े क्षेत्रों में रुके हुए निर्माण कार्य तेजी से शुरू करने को कहा गया, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। अधिकांश कार्य दिसंबर और शेष कार्य जनवरी तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया।

बिंदुखत्ता क्षेत्र में विद्युतीकरण के लंबित कार्यों पर भी बैठक में चर्चा हुई। विधायक ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं बंगाली कॉलोनी क्षेत्र में बिजली के खंभों और ट्रांसफॉर्मरों की शिफ्टिंग का काम जल्द पूरा करने को कहा गया, ताकि स्थानीय लोगों को बिजली और यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।



गौला नदी से होने वाले भू-कटाव का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। विधायक ने नदी किनारे सुरक्षात्मक और प्रोटेक्शन कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए। संबंधित विभाग के अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने और सुरक्षा संबंधी कार्यों को समय से पूरा करने को कहा गया।
सिंचाई नहरों के संचालन और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत को लेकर भी विधायक ने अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था में किसी भी तरह की बाधा से किसानों और स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए, इसलिए आवश्यक मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र किए जाएं।



मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग और मोतीनगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी की बाधाओं और नहर में आई रुकावटों को दूर करने के निर्देश दिए। मोटाहल्दू रेलवे क्रॉसिंग के आसपास जलभराव तथा नहर से जुड़ी समस्याओं की जांच कर स्थायी समाधान तैयार करने को कहा गया।
डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता को सड़क, बिजली, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। विधायक ने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यों की निगरानी करने और मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को जल्द से जल्द उनका लाभ दिया जाए।

