
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

टांडा रोड पर शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। एस बैंड के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े मिले।

एसपी सिटी मनोज कत्याल के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक राहगीर ने पुलिस को घटना की सूचना दी। राहगीर ने बताया कि टांडा रोड पर एस बैंड के पास एक बाइक पेड़ से टकराई हुई है और उसके पास दो युवक अचेत अवस्था में पड़े हैं।



सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मोटरसाइकिल संख्या UK06BN8480 दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली, जबकि दोनों युवक उसके पास सड़क किनारे पड़े हुए थे। पुलिस के मुताबिक दोनों के सिर और मुंह से खून निकल रहा था और शरीर में अकड़न पाई गई।


घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।



इसके बाद दोनों युवकों को 108 एंबुलेंस की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय चेतन चौहान पुत्र राजपाल सिंह चौहान निवासी फुलसुंगी, बनखंडी नाथ नगर फेज-4, वार्ड नंबर 1, थाना ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर और 24 वर्षीय वैभव छाबरा पुत्र अशोक कुमार निवासी नंद विहार कॉलोनी, गगनपुर रोड, फुलसुंगी, रुद्रपुर के रूप में हुई है।




हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों युवकों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों को घटना से संबंधित जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार दोनों शवों को पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मोर्चरी भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर बाइक तेज गति में होने के कारण अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

