
स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

टनकपुर रोड स्थित अमाऊं क्षेत्र में नैनीताल रोलर फ्लोर मिल से कथित तौर पर हो रहे धूल और ध्वनि प्रदूषण को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी खटीमा को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय निवासियों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले करीब छह महीने से मिल के संचालन के कारण आसपास के क्षेत्र में लगातार धूल उड़ रही है। इसके साथ ही मशीनों की तेज आवाज से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि मिल से निकलने वाली धूल उनके घरों तक पहुंच रही है और रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर रही है। घरों में धूल जमा होने से साफ-सफाई की समस्या भी लगातार बनी हुई है।


शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि धूल के कारण क्षेत्र के कुछ लोगों को सांस संबंधी परेशानियां महसूस हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदूषण की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि मिल से आने वाली तेज आवाज का असर बच्चों और छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। लगातार शोर के कारण आस पास रहने वाले परिवारों को दिन और रात दोनों समय परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी मिल प्रबंधन के सामने समस्या रखी गई थी। उस समय प्रबंधन की ओर से समाधान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन करीब एक माह बीतने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।



शिकायतकर्ताओं ने उप जिलाधिकारी से मांग की है कि प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर मिल का स्थलीय निरीक्षण करे। साथ ही क्षेत्र में वायु और ध्वनि प्रदूषण की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए।

ग्रामीणों ने मिल परिसर में धूल नियंत्रण के प्रभावी इंतजाम कराने और निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि प्रदूषण पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाने चाहिए।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और मिल प्रबंधन ने समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी मिल प्रबंधन की होगी।

