
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी


भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली खूंट में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।


जयंती कार्यक्रम के दौरान खूंट में पौधरोपण भी किया गया। इससे पूर्व क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाया गया।



कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद के लिए यह गौरव की बात है कि पं. गोविन्द बल्लभ पंत जैसे महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का जन्म इसी धरती पर हुआ। देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।



वक्ताओं ने कहा कि पंत का जीवन संघर्ष, सेवा और राष्ट्रभक्ति का उदाहरण है। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास के लिए कार्य करना चाहिए।


इस दौरान पं. गोविन्द बल्लभ पंत के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, समाजसेवी, देशभक्त और कुशल प्रशासक बताते हुए उनके योगदान को याद किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ पंत ने कुली बेगार प्रथा और जमींदारी उन्मूलन के खिलाफ भी निर्णायक संघर्ष किया। समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने में भी उनकी अहम भूमिका रही।




जयंती समारोह में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से अवगत कराया गया।


इससे पहले अल्मोड़ा स्थित पं. गोविन्द बल्लभ पंत पार्क में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर नमन किया गया, जबकि विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी निकालकर उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलख्वाल, रवि रौतेला, भूपेन्द्र सिंह भोज, ललित पंत समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

