
स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


नैनीताल जिले के ज्योलीकोट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डायरिया और पीलिया के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। कई मरीजों का हल्द्वानी के सरकारी और निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है।


बीमारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए भीमताल ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट हल्द्वानी के अस्पतालों में पहुंचे। उन्होंने यहां भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और उनके उपचार की स्थिति की जानकारी ली।



इस दौरान ब्लॉक प्रमुख ने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत की और अस्पतालों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की।



डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी रश्मि पंत को ज्योलीकोट और प्रभावित ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर बेहतर और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने कहा कि पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड योजना के तहत तत्काल निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आर्थिक कारणों से किसी मरीज का उपचार प्रभावित न हो।
बेस अस्पताल हल्द्वानी में प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।



ब्लॉक प्रमुख ने मरीजों की निगरानी और उपचार व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के भी निर्देश दिए, जिससे इलाज संबंधी व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय बना रहे।

अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ संबंधित डॉक्टरों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने को भी कहा गया है।
ज्योलीकोट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सामने आ रहे डायरिया और पीलिया के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रभावित लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।

