
स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पहले नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की गईं।


संवेदनशील माने जा रहे बनभूलपुरा क्षेत्र में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।




सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई।


ब्रीफिंग में बनभूलपुरा क्षेत्र में ड्यूटी पर लगाए गए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अफवाह या अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।



पुलिस अधिकारियों ने जवानों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। इसके साथ ही क्षेत्र की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस का फोकस शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखते हुए संभावित प्रतिक्रियाओं के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है।




ब्रीफिंग के दौरान एसपी सिटी मनोज कत्याल, एसपी संचार/ऑफिस रेवाधर मठपाल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके अलावा क्षेत्राधिकारी भवाली रविकांत सेमवाल, पुलिस उपाधीक्षक बलजीत सिंह भाकुनी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार समेत अन्य अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

