
स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर : धर्मराज


सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद में बरसाती नाले के तेज बहाव में बही 6 वर्षीय बच्ची विदिशा का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। बच्ची की तलाश में पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।


सोमवार शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद रावली महदूद क्षेत्र में नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान कृपाल स्कूल के पास पुलिया के आसपास खेल रही दो बच्चियां तेज बहाव की चपेट में आ गईं।



स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव प्रयास शुरू करते हुए 7 वर्षीय हिमानी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि 6 वर्षीय विदिशा तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी वहां जुट गए।



सूचना मिलते ही सिडकुल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। रात से ही नाले और उससे जुड़े आसपास के क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


रेस्क्यू टीम को नाले में जमा भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा बड़ी चुनौती बन रहा है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों से नाले में आ रहा सीवर का पानी भी तलाशी अभियान में बाधा पैदा कर रहा है।

नगर पालिका और अन्य विभागों की मदद से जेसीबी मशीनों को भी रेस्क्यू अभियान में लगाया गया है। मशीनों से नाले में जमा कचरा हटाकर उन स्थानों की तलाशी ली जा रही है, जहां बच्ची के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।




एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मशीनों के साथ-साथ मैनुअल सर्च भी कर रही हैं। नाले के बहाव की दिशा में आगे तक संभावित स्थानों पर जवानों को तैनात कर लगातार खोजबीन की जा रही है।


बच्ची के लंबे समय से लापता होने के कारण परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार और स्थानीय लोग बच्ची के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि रेस्क्यू टीमें अभियान में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की संयुक्त टीमें विदिशा की तलाश में जुटी हुई हैं। इस घटना ने एक बार फिर भारी बारिश के दौरान खुले नालों, जलनिकासी व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

