अपर माल रोड पर अवैध निर्माण पर चला एमडीडीए का बुलडोजर

अपर माल रोड पर अवैध निर्माण पर चला एमडीडीए का बुलडोजर

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग में अनधिकृत रूप से बनाई गई चार दुकानों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन, एमडीडीए और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही।

मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के संयुक्त सचिव के निर्देश पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

बताया गया कि अपर माल रोड स्थित रॉक स्टोन बिल्डिंग में संदीप मेहरोत्रा और राजीव मेहरोत्रा द्वारा चार दुकानों का अनधिकृत रूप से निर्माण किया गया था। लंबे समय से इस निर्माण को लेकर शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद प्राधिकरण ने मामले में कार्रवाई शुरू की।

एमडीडीए की ओर से संबंधित पक्ष को पहले नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद प्राधिकरण ने प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।

नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा ने बताया कि उप जिलाधिकारी के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रॉक स्टोन बिल्डिंग में बनाई गई चार दुकानों के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे।

उन्होंने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं को अवैध निर्माण स्वयं हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था। यह समय सीमा दो सितंबर को पूरी हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

मंगलवार सुबह जिला प्रशासन, मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण, नगर पालिका और मसूरी पुलिस की संयुक्त टीम रॉक स्टोन बिल्डिंग पहुंची। इसके बाद चारों दुकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

ध्वस्तीकरण के दौरान एमडीडीए के अधिशासी अभियंता अजय मलिक, सहायक अभियंता अनुराग नौटियाल, अवर अभियंता अनुज पांडेय, संजीव कुमार, सुपरवाइजर सुरेंद्र नेगी, नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा और कोतवाली मसूरी प्रभारी देवेंद्र सिंह चौहान सहित विभागीय अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई को शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। चार दुकानों के ध्वस्तीकरण के बाद क्षेत्र में अन्य अनधिकृत निर्माण करने वालों में भी खलबली मची हुई है।