स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव के तहत मुख्यमंत्री की विधानसभा क्षेत्र चंपावत के धूरा में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारी बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम में पहुंचे और क्षेत्र की महिलाओं से रक्षा सूत्र बंधवाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।


मौसम खराब होने के कारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। इसके चलते वह टनकपुर हेलीपैड से कार के माध्यम से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में पहुंचने में कुछ देरी हुई।


कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने सीएम धामी को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि रामलीला मैदान में उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशी और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि एक भाई के नाते वह हर प्रकार की मदद के लिए हमेशा तैयार रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिल रहा है।


सीएम धामी ने कहा कि जल्द ही देहरादून में पूरे उत्तराखंड की महिलाओं के उत्पादों के लिए एक विशेष स्थान विकसित किया जाएगा। यहां महिला समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को एक ही स्थान पर उचित दामों पर बेचने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आय बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी।




कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल वंदे मातरम का विरोध करने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का काम कर रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वोटों के लिए घटिया राजनीति की जा रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। भारी बारिश के बावजूद कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा महामंत्री पूरन मेहरा ने किया। रक्षाबंधन के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में जहां महिलाओं ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता का संदेश दिया, वहीं मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।

