16 से 23 सितंबर तक होगा ऐतिहासिक नंदादेवी मेला, मुंबई-दिल्ली से पहुंचेंगे कलाकार

16 से 23 सितंबर तक होगा ऐतिहासिक नंदादेवी मेला, मुंबई-दिल्ली से पहुंचेंगे कलाकार

स्थान : अल्मोड़ा
ब्यूरो रिपोर्ट

सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा में इस वर्ष ऐतिहासिक और धार्मिक मां नंदादेवी मेले का आयोजन 16 से 23 सितंबर तक भव्य रूप में किया जाएगा। मेला समिति ने पोस्टर का विमोचन कर मेले की तैयारियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का औपचारिक श्रीगणेश कर दिया है। आयोजन को लेकर नगरवासियों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

नंदादेवी समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि 16 सितंबर से मेले का मुख्य आयोजन शुरू होगा। मुख्य मेले का औपचारिक उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, मेले से जुड़े सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों की शुरुआत 14 सितंबर से ही हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को मेहंदी और ऐपण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को स्कूली बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय संस्कृति, कला और परंपराओं को मंच प्रदान किया जाएगा।

धार्मिक परंपराओं के तहत 17 सितंबर को मां नंदादेवी की मूर्ति निर्माण के लिए कदली यानी केले के वृक्ष को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद 18 सितंबर, अष्टमी के दिन कदली वृक्षों को डोली के साथ नंदादेवी मंदिर परिसर में लाया जाएगा।

मंदिर परिसर में 18 सितंबर की मध्य रात्रि से पारंपरिक विधि-विधान और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों का निर्माण शुरू होगा। इस दौरान होने वाली धार्मिक गतिविधियां मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेंगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

मेला समिति के मुख्य संयोजक ताराचंद जोशी ने बताया कि पूजा-अर्चना और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए सभी संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है। मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस बार मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ मुंबई, दिल्ली और ऊधमसिंह नगर से भी सांस्कृतिक टीमों और कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। बाहरी राज्यों और जिलों से पहुंचने वाले कलाकार उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे।

नंदादेवी मेला नंदादेवी मंदिर परिसर और एडम्स इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले के अंतिम दिन 23 सितंबर को शाम चार बजे मंदिर परिसर से मां नंदा-सुनंदा के डोले की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए डोबा नौला पहुंचेगी।

डोबा नौला में मां नंदा-सुनंदा की मूर्तियों के विसर्जन के साथ मेले का समापन होगा। मेला समिति ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।