स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


राजधानी देहरादून में महिला नर्सिंग ऑफिसर से शादी और सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 32 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता वर्तमान में कैलाश अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत है। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


पीड़िता के अनुसार 25 जून को मेट्रोमोनियल साइट शादी डॉट कॉम के माध्यम से उसका संपर्क चारु चंद्र जोशी नाम के व्यक्ति से हुआ था। आरोपी ने खुद को देहरादून स्वास्थ्य निदेशालय में ड्रग इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत बताया और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से अच्छी पहचान होने का दावा किया।


आरोपी ने बातचीत के दौरान पीड़िता को विश्वास में लिया और शादी के लिए भी हामी भरी। इसी दौरान उसने नर्सिंग अधिकारी भर्ती 2026 में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। नौकरी मिलने की उम्मीद में पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गई।


आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग स्कैनर के माध्यम से पीड़िता से कुल 32 लाख रुपये की रकम ले ली। रकम लेने के बाद आरोपी ने पीड़िता से संपर्क करना बंद कर दिया। काफी प्रयास के बावजूद संपर्क नहीं होने पर पीड़िता को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।


इसके बाद पीड़िता ने एसपी सिटी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने के साथ ही लेनदेन और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

वहीं, मामले को लेकर गुरुवार को नर्सिंग एकता मंच और उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने संयुक्त प्रेसवार्ता की। संगठनों ने 25 जुलाई को आयोजित नर्सिंग अधिकारी भर्ती 2026 को रद्द करने की मांग उठाई और भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए।




नर्सिंग एकता मंच के अध्यक्ष नवल पुंडीर ने दावा किया कि परीक्षा से पहले ही कई परीक्षार्थियों ने इस तरह की आशंकाएं जताई थीं। उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थियों से संपर्क कर नौकरी लगवाने के नाम पर कथित तौर पर 18 से 20 लाख रुपये तक की मांग किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
नर्सिंग एकता मंच और उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने सरकार से तीन दिन के भीतर मामले की एसआईटी और एसटीएफ स्तर से जांच कराने की मांग की है। संगठनों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि अभ्यर्थियों के बीच विश्वास बना रहे।

नवल पुंडीर ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तीन दिन के भीतर जांच बैठाने के साथ नर्सिंग अधिकारी भर्ती परीक्षा को रद्द करने का निर्णय नहीं लिया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ठगी के आरोपों से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

