स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


हल्द्वानी के टीपीनगर चौकी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर, बिजली के तार और अन्य सामान चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के सामान के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विवादित किशोरों को भी पकड़ा गया है।


मामला 9 अगस्त की रात का है, जब अज्ञात चोरों ने टीपीनगर चौकी क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर पानी की मोटर, बिजली के तार और स्टेबलाइजर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। मामले में मल्ला गोरखपुर निवासी विजय पाठक की तहरीर पर 13 अगस्त को कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।


घटना का संज्ञान लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सुरागरसी-पतारसी के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान की और 13 अगस्त को करन समेत दो विधि विवादित किशोरों को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से एक गीजर, दो पानी की मोटर, बिजली की तारें और नल की टोंटियां बरामद हुईं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी किए गए सामान में शामिल कुछ नल की टोंटियां कबाड़ी सुरेंद्र कुमार को बेची गई थीं। इसके बाद पुलिस ने 14 अगस्त को सुरेंद्र कुमार को भी चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया।



गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पुत्र सेवा राम निवासी जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 21 वर्ष और सुरेंद्र कुमार पुत्र चरण सिंह निवासी भट्ट कॉलोनी फेस-2, लालडांठ, थाना मुखानी, उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले में पकड़े गए दोनों विधि विवादित किशोरों को भी नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आयु संबंधी वैध प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण न्यायालय ने प्रथम दृष्टया दोनों को नाबालिग माना। दोनों को बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया है। वास्तविक आयु निर्धारण के लिए चिकित्सकीय आयु परीक्षण कराया जाना प्रस्तावित है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल नीरज कुमार, कांस्टेबल युगल मिश्रा, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी और कांस्टेबल अनिल टम्टा शामिल रहे। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का सामान बरामद होने पर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

