स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मंत्री ने सुड़ी, बेलगड़, मटियाल, लेटीबुंगा, सुनकिया और सदबुगा समेत कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और आपदा के कारण हुए नुकसान की जानकारी ली।


ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि हाल में आई आपदा और भारी बारिश के कारण क्षेत्र में कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत बनी कई मोटर मार्गों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा सिंचाई नहरें और पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीण क्षेत्रों के आंतरिक मार्गों के क्षतिग्रस्त होने की समस्या भी ग्रामीणों ने मंत्री के सामने रखी। कई स्थानों पर मार्गों के टूटने से लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं को जल्द बहाल कराने की मांग की।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन सड़कों, पेयजल लाइनों, सिंचाई नहरों और ग्रामीण आंतरिक मार्गों का पुनर्निर्माण जरूरी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए।


मंत्री ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, पेयजल, सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन के नैनीताल जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द से जल्द पुनर्निर्माण की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।


कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि आपदा मद से होने वाले कार्यों में अनावश्यक देरी न की जाए। मोटर मार्गों के साथ ही पेयजल लाइनों, सिंचाई नहरों और ग्रामीणों के आंतरिक मार्गों को भी प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि लोगों को आवागमन और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।



उन्होंने कहा कि आपदा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में हुए नुकसान का आंकलन कर आवश्यक कार्यों को जल्द पूरा कराया जाएगा। ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देशित किया गया है। सरकार का प्रयास है कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य स्थिति जल्द बहाल हो।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि ग्रामीणों की हर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने और आपदा से प्रभावित ढांचागत व्यवस्थाओं को जल्द बहाल करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीणों को सड़क, पेयजल, सिंचाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें।

