मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विकासनगर में गरमाई सियासत, कांग्रेस ने तहसील का किया घेराव

मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विकासनगर में गरमाई सियासत, कांग्रेस ने तहसील का किया घेराव

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) की प्रक्रिया को लेकर विकासनगर में सियासी पारा चढ़ गया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता नवप्रभात के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विकासनगर तहसील का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक और शहर कांग्रेस कमेटी के बैनर तले हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि विकासनगर और सहसपुर विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाने के लिए प्रारूप-7 का कथित रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

कांग्रेस का आरोप है कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की ओर से घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन पूरा किए जाने के बावजूद कुछ लोगों की ओर से प्रायोजित और फर्जी आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं। कांग्रेस नेताओं ने आशंका जताई कि इस तरह की गतिविधियों के जरिए मतदाता सूची को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी वैध नागरिक का नाम केवल आपत्ति दर्ज होने के आधार पर नहीं हटाया जाना चाहिए। प्रत्येक आपत्ति की नियमानुसार जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रह सकें। उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने की मांग की।

कांग्रेस ने मांग की कि प्रारूप-7 के तहत प्राप्त सभी आपत्तियों का पूरा ब्योरा बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को उपलब्ध कराया जाए। पार्टी नेताओं का कहना है कि इससे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी आपत्तियों की वास्तविकता की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर नजर रखी जा सकेगी।

प्रदर्शन के दौरान एक पूर्व सैनिक ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कई लोगों को यह तक जानकारी नहीं है कि उनके नाम का इस्तेमाल करते हुए मतदाता सूची में आपत्तियां दर्ज की गई हैं। कांग्रेस ने इस तरह की शिकायतों को गंभीर बताते हुए संबंधित मामलों की जांच कराने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की पहचान या नाम का इस्तेमाल उसकी जानकारी के बिना आपत्ति दर्ज कराने के लिए किया गया है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने ऐसी कथित फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी विकासनगर ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को नियमानुसार जांच कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से कहा गया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार कराई जाएगी और प्राप्त शिकायतों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा।

फिलहाल मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विकासनगर में कांग्रेस के प्रदर्शन से सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए वह आगे भी आवाज उठाती रहेगी। वहीं, प्रशासन के जांच के आश्वासन के बाद अब सभी की नजरें आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।