स्थान – खटीमा/ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर – अशोक सरकार


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित कैंप कार्यालय में स्थानीय लोगों, विभिन्न जनपदों से पहुंचे नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने लोगों की ओर से रखी गई शिकायतों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर उसके समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।



मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनसेवा राज्य सरकार का मूल उद्देश्य है। आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है और प्रशासन को भी इसी भावना के अनुरूप काम करना चाहिए।


उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक मानी जाएगी, जब आम नागरिक को अपनी समस्या का शीघ्र और संतोषजनक समाधान प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर नहीं लेना चाहिए। प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमों के तहत प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी करने को भी कहा।


कैंप कार्यालय में मुलाकात के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, भूमि, रोजगार और अन्य जनहित से जुड़े मामलों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, प्रेम सिंह टूरना, गंभीर सिंह धामी, फरजाना बेगम, रणजीत सिंह नामधारी, किसान सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सतीश चंद्र भट्ट और रनदीप पोखरिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और उप जिलाधिकारी तुषार सैनी सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


