कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों पर चला स्वच्छता अभियान, कायस्थ महासभा ने लगाए 101 पौधे

कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों पर चला स्वच्छता अभियान, कायस्थ महासभा ने लगाए 101 पौधे

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कांवड़ मेले के समापन के बाद धर्मनगरी हरिद्वार के गंगा घाटों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया है। कांवड़ियों की वापसी के बाद घाटों पर फैली गंदगी को देखते हुए जिला प्रशासन ने वृहद स्वच्छता अभियान शुरू किया है। साथ ही सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी घाटों की सफाई में सहयोग करने का आह्वान किया गया है।

इसी क्रम में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की ओर से भूपतवाला स्थित चित्रकूट आश्रम के चित्रकूट घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में प्रदेशभर से पहुंचे महासभा के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर गंगा घाट की सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

महासभा के प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कांवड़ मेले के बाद गंगा घाटों पर बड़ी मात्रा में कूड़ा जमा हो गया था। प्रशासन की ओर से सामाजिक संस्थाओं से स्वच्छता अभियान में सहयोग का आह्वान किया गया, जिसके बाद महासभा ने चित्रकूट घाट पर अभियान चलाने का निर्णय लिया।

उन्होंने बताया कि अभियान में देहरादून, हरिद्वार, रुद्रपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से महासभा से जुड़े पदाधिकारी और सदस्य पहुंचे। उन्होंने गंगा घाटों की सफाई में योगदान दिया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। संजय श्रीवास्तव ने हरिद्वार आने वाले यात्रियों से गंगा घाटों पर कूड़ा न फैलाने की अपील की।

महासभा के संरक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कांवड़ मेले के बाद गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान शुरू किया गया है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से धार्मिक नगरी हरिद्वार को साफ रखने की अपील करते हुए कहा कि यहां कचरा नहीं, बल्कि संस्कार फैलाने की जरूरत है।

स्वच्छता अभियान के बाद महासभा के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गंगा घाट के समीप वृक्षारोपण अभियान भी चलाया। इस दौरान 101 पौधे लगाए गए। पदाधिकारियों ने कहा कि गंगा की स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए महासभा के कोर कमेटी सदस्यों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पदाधिकारियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे भी जारी रखने पर जोर दिया।

अभियान में रुद्रपुर से ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव और आरके सिन्हा, देहरादून से अतुल श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, रवि सरन, सुशील सक्सेना, राजीव श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव और नितेश सक्सेना, हरिद्वार से अनिल श्रीवास्तव समेत कायस्थ मातृशक्ति की ममता श्रीवास्तव, नीतू श्रीवास्तव और सोना श्रीवास्तव सहित कई सदस्य मौजूद रहे। आमंत्रित सदस्य के रूप में गाजियाबाद से शेखर सक्सेना ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।