रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रानीखेत में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में महानिरीक्षक अमित कुमार ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर शहीदों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने ध्वजारोहण कर बल के अधिकारियों और जवानों को संबोधित किया।


महानिरीक्षक अमित कुमार ने इस अवसर पर महानिदेशक, सशस्त्र सीमा बल का संदेश पढ़कर सुनाया। उन्होंने बल की उपलब्धियों और विभिन्न क्षेत्रों में निभाई जा रही जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि एसएसबी भारत-नेपाल और भारत-भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ देश की आंतरिक सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।



उन्होंने बताया कि सशस्त्र सीमा बल ने नक्सल विरोधी अभियानों, जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा, विभिन्न चुनावों, अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी तथा राहत एवं बचाव कार्यों में भी अहम योगदान दिया है। बल के जवानों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कर्तव्यनिष्ठा और साहस का परिचय देते हुए राष्ट्र सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।


महानिरीक्षक ने बताया कि आसूचना आधारित कार्रवाई के तहत मानव तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई। अब तक 45 मानव तस्करी के मामलों में 52 पीड़ितों को मुक्त कराया गया, जबकि 32 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या पर भी बल लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक सीमांत रानीखेत द्वारा 116 मामलों में कार्रवाई करते हुए 54.74 लाख रुपये की भारतीय मुद्रा, 8.09 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा तथा 41.87 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। इन कार्रवाइयों में 136 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी की सतर्कता और सक्रियता को दर्शाता है।


सीमांत मुख्यालय की ओर से सीमावर्ती ग्रामीणों के हित में नागरिक कल्याण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। सुदूर सीमावर्ती क्षेत्रों में मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों और उनके पशुधन को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया।




अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति सीमावर्ती ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाए गए। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन और कर्तव्यपरायणता के लिए सीमांत रानीखेत के 18 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक गोल्डन एवं सिल्वर डिस्क तथा 11 अधिकारियों एवं कार्मिकों को महानिदेशक प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, वरिष्ठ अधिकारियों और एसएसबी के जवानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।


