स्थान : हलद्वानी
ब्यूरों रिपोर्ट


हल्द्वानी में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाकर राहगीरों को भयभीत करने के मामले में नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवकों द्वारा हाथों में बेल्ट लहराने और राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता ने विशेष टीम गठित कर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान शुरू कराई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं जांच के दौरान दो नाबालिग भी पुलिस के संरक्षण में लिए गए हैं, जिन्हें काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।



पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान सीतेश आर्य (25), गोपाल आर्य (30), कुणाल बिष्ट (22) और विशाल कुमार (27), सभी निवासी दमुवाढूंगा क्षेत्र के रूप में हुई है। इनमें सीतेश आर्य शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के विरुद्ध भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


मामले में पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड है, जिसका पंजीकरण नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।

पुलिस की कार्रवाई के बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता, गुंडागर्दी, राहगीरों को भयभीत करने अथवा कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एसएसपी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई देती है, उनका पुलिस तत्काल संज्ञान लेगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई को सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।



कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के साथ हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, कांस्टेबल जगदीश और कांस्टेबल अजहर शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

