रिपोर्टर : पंकज सक्सेना
स्थान : हल्द्वानी


कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान में कथित शुद्धिकरण कराए जाने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने विशाल विरोध प्रदर्शन किया।


हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगल पड़ाव से तिकोनिया चौराहे तक रैली निकालकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।



कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान का शुद्धिकरण कराया जाना सामाजिक भेदभाव और दलित समाज के प्रति भाजपा की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा परंपरागत रूप से हिंदू-मुस्लिम के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति करती रही है, लेकिन अब हिंदुओं को ही आपस में बांटने का प्रयास किया जा रहा है।


विधायक सुमित हृदयेश और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस इस तरह की भेदभावपूर्ण राजनीति का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लोगों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया जा रहा है।


वहीं, भाजपा की ओर से पहले यह स्पष्ट किया गया था कि रामलीला मैदान में शुद्धिकरण कराने वाले लोग भाजपा से जुड़े नहीं थे।


भाजपा नेताओं ने कहा था कि पार्टी ऐसे कार्यों में विश्वास नहीं रखती और शुद्धिकरण करने वालों का भाजपा से कोई संबंध नहीं है।




कांग्रेस की रैली के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए आवाजाही भी प्रभावित हुई। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामाजिक सौहार्द और समानता बनाए रखने की मांग की।

