धारी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली

धारी में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा बाइक रैली

स्थान : धारी
ब्यूरो रिपोर्ट

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शुक्रवार को धारी और रामगढ़ क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के नेतृत्व में भव्य तिरंगा बाइक रैली निकाली। लेटीबुंगा से भटेलिया तक निकाली गई इस रैली में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराकर किया। इसके बाद बाइक सवार कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।

आयोजकों ने बताया कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को जागृत करना है। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवा पीढ़ी को देश के प्रति जिम्मेदारियों के लिए प्रेरित करना भी यात्रा का उद्देश्य रहा।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि देश के विकास में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और अनुशासन में रहते हुए उत्तराखंड तथा देश के विकास में योगदान देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की पहचान के साथ-साथ हमारे गौरव, एकता और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का आह्वान किया।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देशहित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। बाइक रैली के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।