स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार


खटीमा में हरियाली तीज के पावन पर्व पर महिलाओं के लिए विशेष तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। रिया मेकओवर की ऑनर रिया तथा दिया और माया रेंटल कलेक्शन की ऑनर माया के संयुक्त आयोजन में महिला ब्लॉगरों और सोशल मीडिया से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


तीज महोत्सव के दौरान पारंपरिक संस्कृति, श्रृंगार, मेहंदी और मनोरंजन का खूबसूरत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बना और उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।



कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कविता कापड़ी ने शिरकत की। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीत-संगीत के साथ मेहंदी और श्रृंगार प्रतियोगिताओं तथा विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम में आशा भंडारी, मीना शिरोल, ममता चुफाल, गीता कापड़ी, मुस्कान, संगीता गोबारी, ज्योति कन्याल और कविता कन्याल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर तीज पर्व की रंगत को और बढ़ा दिया।

मुख्य अतिथि कविता कापड़ी ने सभी महिलाओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीज महिलाओं के लिए आस्था, प्रेम और सौभाग्य का विशेष पर्व है। ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


कविता कापड़ी ने कहा कि तीज जैसे कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा साझा करने और आपसी संवाद बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं के उत्साह और आत्मीयता को मजबूत करते हैं।




उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी महिलाएं समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने तीज महोत्सव को लेकर खुशी जाहिर की। उनका कहना था कि इस तरह के आयोजन पारंपरिक त्योहारों को नई पीढ़ी से जोड़ने के साथ महिलाओं को मनोरंजन और आपसी मेलजोल का अवसर भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि, अतिथियों और सभी प्रतिभागी महिलाओं का आभार जताया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी महिलाओं और समाज को जोड़ने वाले ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

