रुड़की में 17 वर्षीय युवक को मारी गोली, बाइक सवार तीन हमलावर फरार

रुड़की में 17 वर्षीय युवक को मारी गोली, बाइक सवार तीन हमलावर फरार

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

रुड़की में फायरिंग की सनसनीखेज घटना से हड़कंप मच गया। कोतवाली रुड़की क्षेत्र में दिल्ली रोड के नजदीक डबल फाटक रेलवे पुल के पास मोहम्मदपुर गांव के 17 वर्षीय युवक प्रियांशु को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मदपुर गांव निवासी तीन युवक किसी काम से गांव से बाहर गए थे। बताया जा रहा है कि जब वे मोहनपुरा एंट्री गेट के पास एक मेडिकल स्टोर के नजदीक पहुंचे, तभी बाइक सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर उन पर फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान गोली लगने से प्रियांशु घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीनों युवक मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक घायल युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

घटना के बाद पुलिस ने फायरिंग की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर युवकों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है।

मोहम्मदपुर निवासी कीरत पाल कर्णवाल के मुताबिक युवकों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया।

हालांकि घायल प्रियांशु के ताऊ का कहना है कि परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उनके भतीजे का किसी अन्य युवकों के साथ कोई विवाद चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और युवक के उपचार की जानकारी ली।

परिजनों की ओर से अब पुलिस को लिखित तहरीर देने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर फायरिंग करने वालों की पहचान करने का प्रयास करेगी।