चंपावत में एसआईआर प्रक्रिया का निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर

चंपावत में एसआईआर प्रक्रिया का निरीक्षण, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर

स्थान : लोहाघाट (चंपावत )
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जारी है। बुधवार को अपर आयुक्त जीवन सिंह नग्नयाल ने लोहाघाट क्षेत्र के बनीगांव और केंद्रीय विद्यालय बूथ का निरीक्षण कर एसआईआर कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने एसआईआर प्रक्रिया में लगे कार्मिकों से कार्यों की प्रगति और प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

अपर आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और अद्यतन बनाना है। इसके लिए प्रक्रिया के दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए नोटिसों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इससे कोई पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र नामों को नियमानुसार सूची से हटाया जा सके।

अपर आयुक्त ने एसआईआर के तहत प्राप्त सभी आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन और आपत्ति का गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही निर्णय लिया जाए।

एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर ने बताया कि अपर आयुक्त द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया जा रहा है।

एसडीएम ने बताया कि सभी गांवों से संबंधित दावों और आपत्तियों की सुनवाई एआरओ के माध्यम से की जा रही है। इसके लिए सभी बीएलओ और एसआईआर प्रक्रिया में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम सुनिश्चित करने के साथ ही अपात्र नामों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर, जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खरायत, प्रवक्ता वसीम अहमद सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने एसआईआर प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की।