मल्ला खतेड़ा में 18 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट, नशे के खिलाफ अभियान जारी

मल्ला खतेड़ा में 18 नाली अवैध भांग की खेती नष्ट, नशे के खिलाफ अभियान जारी

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

एसपी चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पंचेश्वर पुलिस ने लोहाघाट क्षेत्र के ग्राम मल्ला खतेड़ा में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती के खिलाफ कार्रवाई की।

पंचेश्वर कोतवाली प्रभारी दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव के आसपास बंजर भूमि, जंगल किनारे और नालों व गधेरों के समीप पहुंचकर अवैध खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 18 नाली भूमि में भांग की खेती पाई गई।

पुलिस टीम ने मौके पर ही अवैध रूप से उगाई गई भांग की खेती को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने क्षेत्र में नशे की खेती से जुड़े अन्य संभावित स्थानों की भी जानकारी जुटाई।

पुलिस के अनुसार बंजर भूमि, जंगलों के किनारे और सुनसान स्थानों पर अवैध रूप से भांग की खेती किए जाने की सूचना मिलने के बाद अभियान चलाया गया था। पुलिस ने ऐसे स्थानों पर लगातार निगरानी रखने की बात कही है।

एसपी चंपावत रेखा यादव ने कहा कि जिले में नशे की खेती और नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशे की अवैध खेती को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा।

एसपी ने बताया कि जिले में अब तक 400 से अधिक नाली भूमि में लगाई गई अवैध भांग की खेती को पुलिस द्वारा नष्ट किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से नशे की खेती की जा रही है या नशीले पदार्थों का कारोबार हो रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

पंचेश्वर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशे की अवैध खेती करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार और अवैध खेती में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार नशामुक्त समाज की दिशा में जिलेभर में अभियान को और तेज किया जाएगा। अवैध भांग की खेती वाले संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर लगातार कार्रवाई की जाएगी, ताकि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।