स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में एक नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।


पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को बाजपुर कोतवाली में पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में वर्ष 2025 की एक घटना का उल्लेख किया गया, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।



आरोप है कि किराए पर रहने वाले एक युवक ने वर्ष 2025 में नाबालिग को अपने कमरे में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अश्लील फोटो एवं वीडियो बना लिए। बाद में इन्हीं वीडियो के आधार पर कथित रूप से उसे ब्लैकमेल किया गया।


शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी के एक साथी ने भी वीडियो दिखाकर नाबालिग को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बताया गया कि घटना के संबंध में वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


एसएसपी के अनुसार, शिकायत में 24 और 26 अक्टूबर 2025 की घटनाओं का उल्लेख किया गया है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यौन अपराधों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अफवाह या पीड़ित की पहचान उजागर करने से बचें। साथ ही कहा कि ऐसे मामलों में कानून के अनुसार निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

