हरकी पैड़ी से तेजस्वी सूर्या ने शुरू की कांवड़ यात्रा, युवाओं से अनुशासन और फिटनेस अपनाने की अपील

हरकी पैड़ी से तेजस्वी सूर्या ने शुरू की कांवड़ यात्रा, युवाओं से अनुशासन और फिटनेस अपनाने की अपील

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

सावन माह में कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। इसी बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद तेजस्वी सूर्या ने गुरुवार को हरिद्वार की हरकी पैड़ी पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पवित्र गंगाजल भरा और अपनी कांवड़ यात्रा की शुरुआत की।

तेजस्वी सूर्या अपने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ हरिद्वार से ऋषिकेश स्थित स्वर्गाश्रम के शिव गंगा घाट तक पैदल यात्रा करेंगे। यात्रा के समापन पर वे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करेंगे।

मीडिया से बातचीत में तेजस्वी सूर्या ने कहा कि वे दक्षिण भारत के कर्नाटक से आते हैं और पिछले तीन-चार वर्षों से सावन के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को कांवड़ यात्रा करते हुए देख रहे थे। उनके मन में भी इस पवित्र यात्रा में शामिल होने की इच्छा थी, जो इस वर्ष भगवान शिव की कृपा से पूरी हुई।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इसमें देशभर से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु बिना किसी भेदभाव के एक साथ भाग लेते हैं।

तेजस्वी सूर्या ने कांवड़ यात्रा को विश्व का सबसे बड़ा युवा संगम बताते हुए कहा कि यह यात्रा किसी संस्था या आयोजन समिति के बल पर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति के आधार पर संचालित होती है। इसमें जाति, वर्ग, भाषा और आर्थिक स्थिति जैसे सभी भेदभाव गौण हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि आज का भारतीय युवा एक ओर देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है तो दूसरी ओर नवाचार और आधुनिक सोच के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। युवाओं की यही ऊर्जा देश की सबसे बड़ी ताकत है।

देश के युवाओं से अपील करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अपनाए जाने वाले संयम, अनुशासन, सेवा भाव और शारीरिक फिटनेस को केवल सावन तक सीमित न रखें, बल्कि पूरे वर्ष अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारवान युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।