

स्थान : ज्योतिर्मठ (चमोली)
ब्यूरो रिपोर्ट


भू-बैकुंठ नगरी बद्रीनाथ धाम सहित धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ में दीपावली का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान बदरी विशाल की पावन नगरी हजारों आस्था के दीपकों से जगमगा उठी। बद्रीनाथ मंदिर परिसर से लेकर सिंह द्वार तक दीपों की अनुपम छटा देखने को मिली। दीपावली के अवसर पर समूचे धाम में धार्मिक आस्था और उत्सव का विशेष वातावरण बना रहा।


बद्रीनाथ धाम में दीपावली के पावन अवसर पर विधि-विधान के साथ महालक्ष्मी और भगवान कुबेर की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान बदरी विशाल के दरबार में दीपों की जगमगाहट ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।





दीपावली के अवसर पर होटल एसोसिएशन बद्रीनाथ की ओर से धाम में 21 हजार आस्था के दीपक प्रज्वलित करने का संकल्प लिया गया था। इस संकल्प को धाम के मुख्य पुजारी रावल जी की अगुवाई में चारधाम होटल एसोसिएशन बदरीनाथ के अध्यक्ष राजेश मेहता ने पूरा किया। इस भव्य दीपोत्सव ने बदरीनाथ धाम की आध्यात्मिक गरिमा और धार्मिक परंपराओं को एक नई भव्यता प्रदान की।



बद्रीनाथ मंदिर के प्रांगण से लेकर मुख्य सिंह द्वार के बाहर तक हजारों दीपकों की रोशनी से अद्भुत नजारा दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के चरणों में अपनी आस्था व्यक्त करते हुए दीप प्रज्वलित किए। दीपों की कतारों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस दौरान धाम का वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।



हिमालय की गोद में स्थित भगवान बदरी विशाल की पावन नगरी में दीपावली का उत्सव अपने आप में विशेष महत्व रखता है। ऊंची पर्वत चोटियों के बीच दीपकों की जगमगाहट ने धाम की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर धार्मिक आस्था के साथ-साथ एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

वहीं भगवान श्रीहरि नारायण की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध लीला ढुंगी में भी दीपावली का पर्व विशेष श्रद्धा के साथ मनाया गया। यहां आस्था के दीपक प्रज्वलित कर भगवान श्रीहरि नारायण की पूजा-अर्चना की गई। दीपों के प्रकाश से पूरा धार्मिक स्थल जगमगा उठा और श्रद्धालुओं ने सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।




बद्रीनाथ धाम के साथ ही पांडुकेश्वर स्थित भगवान कुबेर मंदिर में भी दीपावली की विशेष रौनक देखने को मिली। मंदिर परिसर में जलाए गए आस्था के दीपकों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। भगवान कुबेर की आराधना के साथ श्रद्धालुओं ने दीपावली पर्व मनाया और परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


धार्मिक पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ स्थित प्राचीन लक्ष्मी नृसिंह बदरी मंदिर में भी दीपावली पर्व धूमधाम से मनाया गया। भगवान नृसिंह मंदिर और माता लक्ष्मी मंदिर में प्रज्वलित दीपकों से मंदिर परिसर जगमगा उठा। दीपों से सजे मंदिरों की भव्यता ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान नृसिंह और माता लक्ष्मी के दर्शन कर मंगलमय जीवन की कामना की।

बद्रीनाथ धाम से लेकर ज्योतिर्मठ और पांडुकेश्वर तक दीपावली के इस भव्य आयोजन ने देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की अनुपम झलक प्रस्तुत की। 21 हजार आस्था के दीपकों से रोशन भू-बैकुंठ नगरी का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। दीपोत्सव के माध्यम से आस्था, परंपरा और आध्यात्मिकता का ऐसा सुंदर संगम देखने को मिला, जिसने पूरे क्षेत्र को दीपावली की खुशियों और भक्ति के प्रकाश से आलोकित कर दिया।

