स्थान : नानकमत्ता, ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

नानकमत्ता क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित मारपीट, छीना-झपटी और यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नानकमत्ता कोतवाली पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।


प्रदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग उठाई।



बताया जा रहा है कि नानकमत्ता क्षेत्र का एक युवक देर रात सितारगंज सिडकुल से ड्यूटी कर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में तीन युवकों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए छीना-झपटी की। इसके साथ ही युवक के साथ जबरन यौन उत्पीड़न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।


घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार पर भी प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
वहीं, पुलिस के अनुसार मामले में नामजद तीन आरोपियों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता करते हुए भरोसा दिलाया कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार पर जताई गई चिंता पर प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से गिद्धौर क्षेत्र में नई पुलिस चौकी स्थापित की जा रही है। उन्होंने कहा कि नई चौकी शुरू होने के बाद क्षेत्र में अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सकेगा।

