रानीखेत में युवा कांग्रेस की जिला बैठक, खड़गे की हल्द्वानी रैली को सफल बनाने पर मंथन

रानीखेत में युवा कांग्रेस की जिला बैठक, खड़गे की हल्द्वानी रैली को सफल बनाने पर मंथन

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

आगामी 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के हल्द्वानी दौरे को सफल बनाने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को रानीखेत में युवा कांग्रेस की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अवनीश महल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है और आगामी विधानसभा चुनावों में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

बैठक में कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को आमजन तक पहुंचाने, अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में अधिकाधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

इस अवसर पर संगठन विस्तार के तहत कई नई नियुक्तियों की घोषणा की गई। अजय रावत को ताड़ीखेत ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष, कार्तिक रावत को चिलियानौला नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष, उज़ैब हुसैन को रानीखेत युवा विधानसभा उपाध्यक्ष, स्वास्तिक खुल्बे को जिला महासचिव, गिरीश कुमार को द्वाराहाट विधानसभा अध्यक्ष, मनोज कुमार को चौखुटिया ब्लॉक अध्यक्ष तथा ईश्वर को द्वाराहाट ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की शुभकामनाएं दीं।

बैठक की अध्यक्षता युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर वर्मा ने की, जबकि संचालन युवा विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष अंकित रावत, जिला महासचिव अरसालन शेख, रुद्र माहरा, दीपक सोंटियाल, पंकज किरौला, भावेश पंत, भरत, अभिनव मेहरा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।