स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी में प्रस्तावित रैली को लेकर पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यक्रम स्थल रामलीला ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की।


इस दौरान उनके साथ हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने रैली स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया।



निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि इसी रैली से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस के अभियान का शंखनाद होगा।


यशपाल आर्य ने कहा कि रैली में 20 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी रैली को सफल बनाने के लिए पूरे प्रदेश में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता वर्तमान राज्य सरकार की नीतियों से परेशान है और बदलाव चाहती है। उनके अनुसार कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में है और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरेगी।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि 8 अगस्त की रैली पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम होगी, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।



