स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के चलते विकासखंड धारी के ग्राम कौल निवासी भगवती देवी, पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की करीब 25 नाली भूमि भूमाफियाओं के अवैध कब्जे से मुक्त करा दी गई।


बताया गया कि भगवती देवी की पैतृक भूमि पर लंबे समय से भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा था। न्याय के लिए उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिल सकी।


इसके बाद भगवती देवी ने अपनी समस्या से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए।

जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 25 नाली भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया और उसका कब्जा पुनः भगवती देवी को सौंप दिया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि गरीब, असहाय और पीड़ित लोगों की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भूमाफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके और किसी भी व्यक्ति को उसकी वैध संपत्ति से वंचित न होना पड़े।



