भतरोजखान में कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्रियों का पुतला फूंका

भतरोजखान में कांग्रेस का प्रदर्शन, स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था को लेकर मंत्रियों का पुतला फूंका

स्थान : रानीखेत
रिपोर्टर : संजय जोशी

विधानसभा क्षेत्र के भतरोजखान में बदहाल स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक करगेती ने कहा कि एक ओर रानीखेत विधायक क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बेहतर होने के दावे कर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सरकारी विद्यालयों में प्रधानाचार्यों की कमी है और अस्पतालों में पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकांश अस्पताल रेफरल सेंटर बनकर रह गए हैं तथा आपातकालीन स्थिति में भी चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी समय पर उपलब्ध नहीं होते।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाल ही में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में हुई पूर्व प्रधान गणेश गिरी की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए सुरेश असवाल ने कहा कि क्षेत्र का कोई भी विद्यालय ऐसा नहीं है जहां स्थायी प्रधानाचार्य तैनात हों। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षक प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

वहीं मुकुल पंत ने कहा कि कुछ दिन पहले भतरोजखान अस्पताल में रेबीज के टीके तक उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते लोगों को उपचार के लिए रामनगर जाना पड़ा। उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की मांग की।

प्रदर्शन में चौनलिया न्याय पंचायत अध्यक्ष अशोक कठायत, पूर्व प्रधान सुरेश असवाल, बूथ अध्यक्ष खजान चंद्र पंत, ललित गड़ाकोटी, गोविंद सिंह रावत, कुबेर किरौला, चंदन किरौला, मनोज पंत, संजय गड़ाकोटी, कुंदन सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।