SIR कार्य में लापरवाही का आरोप, इस्लाम नगर के ग्रामीणों ने बीएलओ के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

SIR कार्य में लापरवाही का आरोप, इस्लाम नगर के ग्रामीणों ने बीएलओ के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

स्थान : खटीमा/नानकमत्ता
रिपोर्टर : अशोक सरकार

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा तहसील क्षेत्र के इस्लाम नगर (बूथ संख्या-79) में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बीएलओ पर संतोषजनक कार्य न करने और लोगों को परेशान करने के आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर ग्रामीणों ने विधायक गोपाल सिंह राणा की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेशभर में चल रहे SIR अभियान के तहत आम नागरिकों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इन नोटिसों के निस्तारण और मतदाताओं की सहायता के लिए बूथ स्तर पर बीएलओ की तैनाती की गई है, लेकिन इस्लाम नगर में तैनात बीएलओ द्वारा लोगों की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें परेशान किया जा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नोटिस मिलने के बाद जब वे आवश्यक जानकारी और सहायता के लिए बीएलओ के पास पहुंचते हैं, तो उन्हें उचित सहयोग नहीं मिलता और मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। इससे लोगों को SIR प्रक्रिया पूरी करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विधायक गोपाल सिंह राणा तथा स्थानीय लोगों इमरान खान, गौरव सिंह, फहीम अंसारी, तौकीर अंसारी सहित अन्य ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से संबंधित बीएलओ के खिलाफ उचित प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और SIR प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।

वहीं, तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दिया गया ज्ञापन संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।

अब इस मामले में तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। यह देखना होगा कि शिकायत की जांच के बाद संबंधित बीएलओ के विरुद्ध क्या कदम उठाए जाते हैं और प्रभावित ग्रामीणों को कब तक राहत मिलती है।