स्थान : चंदेली (खटीमा), ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट, बरी अंजनिया खटीमा की ओर से ग्राम सभा चंदेली स्थित भंगेली शिव मंदिर परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराते हुए विभिन्न बीमारियों की जांच और उपचार किया गया।


शिविर में वायरल फीवर, खांसी, बुखार, आंखों की समस्याओं सहित अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया।



आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 62 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 45 मरीजों के एक्स-रे भी निःशुल्क किए गए। गंभीर मरीजों को आवश्यकतानुसार आगे के उपचार के लिए भी परामर्श दिया गया।


शिविर में नागरिक चिकित्सालय खटीमा के डॉ. मनोज कुमार पांडे, चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र, कुमार गुप्ता, संजीव जोशी, कमल जोशी, टीबी विभाग से मनोहर मेहर, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर अजय सिंह, एएनएम किरन मेहरा, सीएचओ किरन गुप्ता, समस्त आशा कार्यकर्ताओं तथा निरंजना हेल्थ केयर की टीम ने सक्रिय सहयोग दिया। वहीं नेत्र परीक्षण ऑप्टोमेट्रिस्ट विशाल गंगवार के नेतृत्व में किया गया।
उत्तरांचल जीवन ज्योति ट्रस्ट के अध्यक्ष ईश्वर सिंह ने बताया कि संस्था लगातार मानव सेवा, समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान वंदना तोमर ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।



