हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 प्रस्ताव पारित, डिजिटल यूजर चार्ज ऐप का शुभारंभ

हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम बोर्ड बैठक में 15 प्रस्ताव पारित, डिजिटल यूजर चार्ज ऐप का शुभारंभ

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की बोर्ड बैठक महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक से पूर्व उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। महापौर ने सभी नवनियुक्त पार्षदों का स्वागत करते हुए उन्हें नगर हित और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। महापौर ने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से यूजर चार्ज वसूली में पारदर्शिता आएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

बोर्ड बैठक में महापौर की ओर से 12 तथा पार्षदों की ओर से तीन जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। सभी 15 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

बैठक में नगर निगम की स्वामित्व वाली किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर छूट देने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 200 विद्युत पोल और तार लगाने, सफाई व्यवस्था के लिए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

नगर निगम कार्यालय भवन के विस्तारीकरण और सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने, सुभाष नगर स्थित भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, महापुरुषों की मूर्तियां स्थापित करने के लिए भूमि चयन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को बोर्ड ने स्वीकृति दी।

बैठक में गंगापुर कबड़वाल स्थित गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित करने और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। इसके अलावा स्वच्छता नियमों के तहत उपविधियां बनाने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने और नगर क्षेत्र में संचालित आरोग्य मंदिरों के अनुबंध पर विचार करने संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए।

पार्षदों द्वारा प्रस्तुत जनहित प्रस्तावों में सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने, यूयूएसडीए द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य रूप से कराने तथा आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय जनता की सुविधा, पारदर्शिता और विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पारित प्रस्ताव नगर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देंगे।

महापौर ने कहा कि हल्द्वानी-काठगोदाम को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरों में शामिल करने के लिए बोर्ड, अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने सभी प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने को प्राथमिकता बताया।

बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सभी पार्षद मौजूद रहे। अंत में महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।