स्थान : खटीमा, ऊधम सिंह नगर
रिपोर्टर : अशोक सरकार

खटीमा में अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न संगठनों ने विधायक भुवन चंद्र कापड़ी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधायक द्वारा सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी से अनुसूचित जाति समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।


मुख्य चौक पर एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे संबंधित टिप्पणी वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उनका कहना था कि किसी भी जनप्रतिनिधि को ऐसी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए, जिससे किसी समाज की भावनाएं आहत हों।



प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि विधायक सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते हैं, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज अपने सम्मान से जुड़े मुद्दों पर शांत नहीं बैठेगा।


पूर्व सभासद श्याम भारती ने कहा कि यदि किसी भी समाज के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की जाती है, तो उसका लोकतांत्रिक तरीके से विरोध किया जाना स्वाभाविक है। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन में अनुसूचित जाति समाज के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग भी की।

वहीं, इस पूरे मामले में विधायक भुवन चंद्र कापड़ी की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



