हल्द्वानी नगर निगम में आठ मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ, विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प

हल्द्वानी नगर निगम में आठ मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ, विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

नगर निगम सभागार में आयोजित एक समारोह में मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने आठ मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

शपथ ग्रहण करने वाले मनोनीत पार्षदों में विनीत पांडे, अनिल बंसल, पनराम, भारत बिष्ट, जानकी पोखरिया, देवकी नंदन जोशी, प्रेम सिंह और हरीश जोशी शामिल रहे। शपथ लेने के बाद सभी पार्षदों ने जनहित में कार्य करने और नगर के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

नवनियुक्त पार्षदों ने कहा कि वे जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे और नगर निगम के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने का प्रयास करेंगे।

मनोनीत पार्षद विनीत पांडे ने कहा कि शहर में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रयास किया जाएगा तथा जिन वार्डों में सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, वहां उनके निर्माण और मरम्मत को प्राथमिकता दी जाएगी।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने सभी मनोनीत पार्षदों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पार्षद जनहित और नगर के विकास के लिए समर्पित होकर कार्य करेंगे।

इस अवसर पर नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, गणेश भट्ट सहित नगर निगम के विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।