स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने गुरुवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत खालसा इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका महाविद्यालय और एमबी इंटर कॉलेज में चल रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बताया कि SIR अभियान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। पूर्व में जारी किए गए नोटिसों की सुनवाई विभिन्न बूथों पर की जा रही है और मतदाताओं की समस्याओं का नियमानुसार समाधान किया जा रहा है।



दीपक रावत ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नोटिसों की तामील और रसीदें संबंधित व्यक्तियों को उपलब्ध करा दी गई हैं।


उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता के नाम, पिता के नाम या अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति है तो संबंधित व्यक्ति आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ पर पहुंचकर उसका संशोधन करा सकते हैं। सभी बीएलओ बूथों पर उपलब्ध हैं और प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नोटिस का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न होने पाए। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, प्रमाणिक और अद्यतन बनाना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्वाचन कार्मिकों को अभियान के दौरान सतर्कता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित बूथों पर पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन कराएं, ताकि निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।



