लगातार बारिश से उफान पर गंगा, जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंचा, निचले इलाकों में अलर्ट

लगातार बारिश से उफान पर गंगा, जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंचा, निचले इलाकों में अलर्ट

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

मैदान से लेकर पहाड़ तक लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी उफान पर बह रही है। गुरुवार को गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। बाढ़ चौकियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

यूपी सिंचाई विभाग के अनुसार गुरुवार सुबह गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर से महज 25 सेंटीमीटर नीचे था, जबकि दोपहर तक जलस्तर बढ़कर 293 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी स्तर के बराबर है। विभाग के अनुसार 294 मीटर को खतरे का निशान माना जाता है।

यूपी सिंचाई विभाग के जूनियर इंजीनियर हरीश कुमार ने बताया कि ऊपरी बांधों से पानी छोड़े जाने और लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले समय में जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।

प्रशासन ने गंगा तट और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सभी बाढ़ चौकियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और अधिकारियों द्वारा स्थिति पर पल-पल नजर रखी जा रही है।

कांवड़ मेले को देखते हुए जिला प्रशासन, सिंचाई विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के बीच लगातार समन्वय बनाया गया है। गंगा के जलस्तर से जुड़ी प्रत्येक अपडेट प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे गंगा के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।