स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर के कारण ऋषिकेश का प्रसिद्ध त्रिवेणी घाट स्थित आरती स्थल पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।


सिंचाई विभाग के अनुसार मंगलवार शाम गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा 339.65 मीटर से 25 सेंटीमीटर ऊपर दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।



स्थिति को देखते हुए जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी से दूर रहने की चेतावनी दी जा रही है।


प्रशासन की ओर से गंगा किनारे रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
लगातार बारिश के कारण गंगा के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और जिला प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

बारिश के मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।



