स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच राज्य आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। प्रदेशभर में संभावित आपदा से निपटने के लिए प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।


आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश में चारधाम यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से संचालित हो रही है और सभी प्रमुख यात्रा मार्ग खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जहां भी सड़कें बाधित हो रही हैं, वहां उन्हें शीघ्र खोलने के लिए पर्याप्त मैनपावर और मशीनें तैनात की गई हैं।



उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के चलते अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी, शारदा और यमुना सहित कई प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। नदी किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।


आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार तटवर्ती क्षेत्रों में मुनादी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित आबादी को सुरक्षित स्थानों पर भी शिफ्ट किया जा रहा है।
वहीं, मौसम विभाग ने आज देहरादून, बागेश्वर और चमोली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी और उत्तरकाशी में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के आसपास न जाएं और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें।



