स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ हरिद्वार प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की निगरानी में गठित समिति लगातार मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही है।


इसी अभियान के तहत सुभाष नगर क्षेत्र में कई मेडिकल स्टोरों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दो मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उन्हें तत्काल बंद कर संचालकों को नोटिस जारी किए गए।



जांच के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी दवाओं को नियमानुसार अलग स्थान पर नहीं रखा गया था। साथ ही इन दवाओं पर आवश्यक चेतावनी चिन्ह भी नहीं लगाए गए थे। अधिकारियों ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए कार्रवाई की।

निरीक्षण टीम को एक स्थान पर बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहा क्लिनिक भी मिला। संबंधित विभाग को उक्त मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए संस्तुति भेजी गई है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि ‘सेफ ड्रग्स, सेफ लाइफ’ अभियान के तहत हर महीने नियमित रूप से मेडिकल स्टोर और अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दवाओं और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम जनता के स्वास्थ्य के साथ लापरवाही बरतने वाले लोगों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



