स्थान : डोईवाला (देहरादून)।
ब्यूरो रिपोर्ट

डोईवाला कोतवाली क्षेत्र के माजरी ग्रांट स्थित जाखन नदी में डूबने से एक 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा हेडल के पास हुआ, जहां पानी में डूबने से बालक ने दम तोड़ दिया।


मृतक की पहचान वासु पुत्र स्वर्गीय सोनू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बालक किसी कारणवश नदी के पास पहुंचा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।



घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को बचाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर फायर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर बालक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



