स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि राज्य में गुजरात मॉडल लागू होने के बाद से विकास कार्यों की गुणवत्ता लगातार प्रभावित हो रही है।


गणेश गोदियाल ने नंद की चौकी के समीप बने पुल समेत अन्य निर्माण कार्यों का हवाला देते हुए सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।



प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उत्तराखंड के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बाहरी लोगों का प्रभाव बढ़ रहा है और स्थानीय हितों की उपेक्षा की जा रही है।

गोदियाल ने कहा कि जब से उत्तराखंड में गुजरात मॉडल लागू किया गया है, तब से प्रदेश की स्थिति बेहतर होने के बजाय खराब होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी सवाल सामने आ रहे हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का।” गोदियाल ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

वहीं, कांग्रेस ने मांग की है कि प्रदेश में चल रहे सभी बड़े निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा कराई जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।



