स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

धर्मनगरी हरिद्वार में देर रात से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने शहर की सड़कों की तस्वीर बदल दी। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


शहर के व्यस्ततम भगत सिंह चौक पर जलभराव इतना अधिक हो गया कि पूरी सड़क तालाब में तब्दील नजर आई। सड़क पर कई फीट तक पानी भरने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों की रफ्तार थम गई और यातायात प्रभावित हुआ।



जलभराव के कारण राहगीरों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग पानी के बीच से होकर गुजरने को मजबूर दिखाई दिए, जबकि वाहन चालकों को भी काफी सावधानी बरतनी पड़ी।


हालात को देखते हुए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मोटर पंप लगाकर जल निकासी का काम शुरू कराया। कर्मचारियों ने पानी निकालने के लिए लगातार प्रयास किए, ताकि यातायात व्यवस्था को सामान्य किया जा सके।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के दौरान भगत सिंह चौक समेत शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। उन्होंने प्रशासन से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

बारिश के मौसम में जल निकासी व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाता है।



