SIR प्रक्रिया को लेकर खटीमा में सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस विधायक के आरोपों पर जताई आपत्ति

SIR प्रक्रिया को लेकर खटीमा में सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस विधायक के आरोपों पर जताई आपत्ति

स्थान : खटीमा
रिपोर्टर : अशोक सरकार

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर खटीमा में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद अब भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने प्रेस वार्ता कर पलटवार किया है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध और सटीक बनाने के उद्देश्य से SIR प्रक्रिया संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया प्रत्येक 10 वर्ष में मतदाता सूची के सत्यापन और सुधार के लिए की जाती है।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने दावा किया कि कांग्रेस शासनकाल में भी कई बार परिसीमन की प्रक्रिया हुई थी। उन्होंने बताया कि वर्तमान SIR प्रक्रिया के दौरान आयु, नाम और पते से संबंधित करीब 33 हजार आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है।

भाजपा नेताओं ने खटीमा विधायक भुवन चंद कापड़ी पर आरोप लगाया कि उनके बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कार्य करने में बाधा पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप उचित नहीं है।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और क्षेत्र की जनसांख्यिकी में बदलाव के प्रयासों का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि भिकारीपुर, न्यूरिया, हुसैनपुर, नवाबगंज और रामपुर जैसे क्षेत्रों से आकर व्यापार करने वाले बाहरी लोगों के दस्तावेजों की जांच जरूरी है और किसी भी गलत प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि खटीमा नेपाल सीमा से लगा क्षेत्र है और यहां वर्षों से सामाजिक एवं पारिवारिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रहने वाले विभिन्न समुदायों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य निष्पक्ष तरीके से किए जाने चाहिए।

उन्होंने विधायक खटीमा पर लोगों को डराने-धमकाने और “घर पर धरना देने” जैसी बातें कहने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की भाषा उचित नहीं है।

फिलहाल SIR प्रक्रिया को लेकर खटीमा में भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।