स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी चुनाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को देखते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश कार्यालय में कंट्रोल रूम की स्थापना की है। कांग्रेस का कहना है कि इस कंट्रोल रूम के माध्यम से SIR प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लोगों की मदद की जाएगी।


प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का विधिवत उद्घाटन प्रदेश महामंत्री (संगठन) राजेंद्र भंडारी ने किया। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए कांग्रेस ने यह व्यवस्था शुरू की है।



राजेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया में भाजपा की ओर से धांधली की जा रही है, जिस पर कांग्रेस लगातार नजर बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से उन लोगों की सहायता की जाएगी, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पा रहे हैं या बिना उचित कारण के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। साथ ही SIR प्रक्रिया से जुड़ी हर गतिविधि पर पार्टी स्तर से निगरानी रखी जाएगी।

कांग्रेस ने कहा कि मतदाता सूची को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखना निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके लिए पार्टी हर स्तर पर सक्रिय रहेगी।



