हल्द्वानी में बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहन, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

हल्द्वानी में बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहन, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

शहर में बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे वाहनों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ऐसे वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि बिना नंबर प्लेट वाले वाहन किसी भी आपराधिक घटना को अंजाम देने के बाद आसानी से पहचान से बच सकते हैं।

लोगों का कहना है कि हल्द्वानी की सड़कों पर बड़ी संख्या में दोपहिया और चार पहिया वाहन बिना नंबर प्लेट या अधूरी नंबर प्लेट के नजर आ रहे हैं। ऐसे वाहनों पर कार्रवाई नहीं होने से नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब यातायात नियमों के उल्लंघन पर आम वाहनों का चालान किया जाता है तो बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों पर पुलिस सख्ती क्यों नहीं दिखा रही है।

लोगों का कहना है कि बिना नंबर प्लेट के वाहन अपराधियों के लिए आसान माध्यम बन सकते हैं। चोरी, लूट, छेड़छाड़ या अन्य आपराधिक घटनाओं में ऐसे वाहनों का इस्तेमाल होने पर पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

शहरवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

वहीं, यातायात व्यवस्था संभालने वाली पुलिस को भी समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों के दस्तावेज और नंबर प्लेट की जांच करनी चाहिए, ताकि अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।

अब देखने वाली बात होगी कि हल्द्वानी पुलिस बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ कब तक सख्त कदम उठाती है और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कार्रवाई करती है।